आज भारत अपने इतिहास, विरासत और जननायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ कर रहा है याद
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर देशभर में 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का हुआ भूमि–पूजन और लोकार्पण
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर देशभर में हुए कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित
जनजातियों के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में संचालित हो रहीं अनेक योजनाएं
राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले के डही में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में हुए शामिल
धार जिलेवासियों को दी 1570 करोड़ के 115 विकास कार्यों की बड़ी सौगात
डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजना का किया लोकार्पण
1353.18 करोड़ के इरीगेशन प्रोजेक्ट से 2 जिलों के 126 गांवों में 47 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में होगी सिंचाई, एक लाख किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
भोपाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देश में 15 नवम्बर 2021 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। विगत साल जनजातीय गौरव दिवस पर देश में 2 लाख से अधिक कार्यक्रम हुए। साल दर साल इस दिवस को भारी उमंग के साथ मनाने की ललक बढ़ती ही जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साल भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती हम दोगुने उत्साह से मना रहे हैं, क्योंकि साल भर में देश को दो बड़ी उपलब्धियां मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर मामले में वंचितों को विशेष वरीयता देना हमारी प्राथमिकता रही है। इस प्रथमिकता का प्रतिफल भी अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट आई। जिसमें कहा गया है कि बीते 12 सालों में सरकार के समर्पित प्रयासों से देश के 50 करोड़ से अधिक लोग ग़रीबी से बाहर निकल चुके हैं। दूसरा इसी साल 31 मार्च 2026 तक पूरा देश नक्सलवाद के दंश (माओवादी गतिविधियों) से पूर्णतः मुक्त हो गया है। यह दोनों ही उपलब्धियां हमें देश और जनता के विकास एवं समग्र कल्याण के लिए प्राण–प्रण से काम करने की नई ऊर्जा, नई उमंग देती है। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में मनाये गये राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रमों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस साल राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर देश भर में करीब 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत के कई विकास कार्यों का भूमि–पूजन और लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्रीय अस्मिता के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर देने वाले जनजातीय वीर नायकों को आज देश अपने स्वर्णिम इतिहास, अद्भुत विरासत और पूरी श्रद्धा और स्वदेशी स्वाभिमान के साथ गौरवपूर्वक याद कर रहा है। हमारी सरकार ने जनजातीय वीरों की स्मृति और उनके मान–सम्मान में कई बड़े कदम उठाये हैं। अब हम सब जनजातीय महानायकों के बलिदान से न केवल परिचित हो रहे हैं, वरन् उन्हें स्मरण भी कर रहे हैं। यह हमारी राष्ट्रीय चेतना में आये एक बड़े परिवर्तन का आरंभ है।
धार जिले के डही में हुए राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिलेवासियों को 1570 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 115 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 1402 करोड़ रुपए के 8 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 168.56 करोड़ रुपए के 107 कामों का भूमि–पूजन शामिल है। जनजातीय गौरव दिवस को और भी विशेष बनाते हुए राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजनाS का लोकार्पण किया। कुल 1353.18 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस सिंचाई परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की 47 हजार हेक्टेयर भूमि में नर्मदा जल से सिंचाई उपलब्ध होगी। इस परियोजना से करीब एक लाख किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा का लाभ मिलेगा। समारोह में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित कर क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित भी किया गया। इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का विधिवत् शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि देश में जनजातीय नायकों की समृद्ध विरासत रही है। राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे वीरों की वीरगाथाएं हमारी धरती से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सभी जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि एक समय भारत में कार्यक्रम और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से शुरू होते थे, लेकिन आज हम अपने राष्ट्रीय गौरव और विरासत को केंद्र में रखकर कार्य कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के आंदोलन में छोटा नागपुर का कोल आंदोलन, संथाल क्रांति के माध्यम से जनजातीय समुदाय ने अपनी सशक्त एवं प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। क्रांतिसूर्य टंट्या भील, रानी गाइदेलियो जैसे अनेक वीर–वीरांगनाओं ने अपने बलिदान से राष्ट्र को प्रेरणा दी। अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे महान व्यक्तित्वों ने जनजातीय आंदोलन को ऊर्जा दी। इन सबके बीच भगवान बिरसा मुंडा का युवा अवस्था में आंदोलन करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा है। देश के अलग–अलग राज्यों में आज जनजातीय क्षेत्रों जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक का भूमि–पूजन किया गया है। इनमें जनजातीय संग्रहालय, शिक्षा और बुनियादी सेवा–सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्य शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। नक्सलवाद से मुक्ति भी बड़ी सफलता है। इन उपलब्धियों के लिए समाज के सामूहिक प्रयास सबसे अहम हैं। पिछले कुछ सालों में केंद्र सरकार ने जनजातीय कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं बनाईं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का गरीबी से बाहर निकलना, हमारे संकल्प से सिद्धि का प्रतीक है। आज देश में निरंतर बदलाव आ रहे है। देश के अति पिछड़े इलाकों के विकास के लिए हमारी सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। पीएम जन–मन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए केंद्र सरकार ने 1 लाख करोड़ रुपए का बजट रखा है। देश के गरीब परिवारों के लिए 4 करोड़ से अधिक आवास बनाये। देश के 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई, जहां आजादी के बाद भी बिजली नहीं पहुंची थी। आयुष्मान भारत योजना के जरिए 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी। देशभर में 1 लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए। इनसे जनजातीय परिवारों को बेहतर इलाज मिल रहा है। स्वच्छ शौचालय और आयुष्मान आरोग्य (स्वास्थ्य) केंद्रों की संख्या लगातार बढ़ाईं, इससे कई बीमारियां खत्म हुईं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना के अंतर्गत बिना गारंटी के लोन दिया गया। गरीब, जनजातीय समाज के भाई–बहनों को भी ऐसी अनेक योजनाओं का लाभ मिला। इससे जनजातीय वर्ग में आत्मविश्वास पैदा हुआ। विकास की यात्रा में पिछड़े बड़े वर्ग को हमारी सरकार ने मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया। देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी विकासखंडों में विकास, सेवाएं, सुविधाएं, नागरिक अधिकारों की रक्षा का विशेष अभियान संचालित किया। अब पीएम कृषि धनधान्य योजना के अंतर्गत खेती में पिछड़े 100 जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे गरीब परिवारों और जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने के नए अवसर मिले हैं। सबका साथ और सबका विकास के मंत्र ने देश के गरीबों को नया विश्वास दिया और करोड़ों गरीबों ने गरीबी के कुचक्र को परास्त कर दिखाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा देशवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। नक्सली हिंसा ने सबसे अधिक नुकसान हमारे जनजातीय समुदाय का ही किया। वर्ष 2014 में देश के करीब 125 जिले नक्सलवाद और माओवाद से पीड़ित थे। हर साल हिंसक घटनाएं होती थीं, जिनमें हजारों निर्दोषों को जान गंवानी पड़ी, इनमें बड़ी संख्या में जनजातीय भाई–बहन शामिल थे। पहले की सरकारों ने जनजातीय भाई–बहनों को उनके नसीब पर छोड़ दिया था, उनके अधिकार छीन लिए गए थे और सभी जिम्मेदार मुंह फेर कर बैठ गए थे। जनजातीय भाई–बहनों को मतदान तक नहीं करने दिया जाता था। तब की सरकारें मूकदर्शक बन गई थीं। नक्सलवादी छोटे–छोटे बच्चों को छीनकर ले जाते थे। बेटियों को उठा ले जाते थे और कोई कुछ नहीं कर पाता था। नक्सलावाद का खात्मा हुआ है, तो हमें माताओं–बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है। जनजातीय युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में लोग जाने से डरते थे। हमने वहां जाकर जवानों के साथ दीपावली मनाई। इस बार दीपावली पर दीयों के साथ–साथ उम्मीद की रौशनी भी जनजातीय भाई–बहनों के घरों तक पहुंची है। हमारा जनजातीय समाज देश की प्रगति में योगदान दे रहा है। आज राष्ट्र की कमान भी जनजातीय समाज की बेटी के हाथों में है। हम सभी देशवासियों को राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु के नेतृत्व पर गर्व है। हम भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के लिए अपनी ऊर्जा लगाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम सब भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर नए संकल्प लें। यह दिवस प्रत्येक देशवासी के लिए अपने महानायकों पर गौरव करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि जन नायक बिरसा मुंडा ने उलगुलान (महाविद्रोह) अभियान चलाकर जन, जल जंगल, ज़मीन और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना प्राणोत्सर्ग कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मप्र सरकार की ओर से भगवान बिरसा मुंडा के राष्ट्र के लिए बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन हमें अपने राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर देने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में 2671 छात्रावासों के माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 1.40 लाख विद्यार्थियों को आवासीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनजातीय विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा, विदेश अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर दिए जा रहे हैं। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जोड़ने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनजातीय संस्कृति, परम्पराओं, कला और गौरवशाली विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश के किसानों को बड़ी सौगातें मिल रही हैं। प्रदेश में सिंचाई का रकबा तेजी से बढ़ा है। माईक्रो डही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना के लोकार्पण से मालवांचल के धार और आलीराजपुर को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में लगभग 1350 करोड़ रुपए लागत की डही सिंचाई परियोजना प्रारंभ हुई है। इससे 15 दिन पहले ही सरदारपुर में 2500 करोड़ से अधिक लागत की पाइप लाइन का लोकार्पण भी किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कवि रहीम के दोहे का उल्लेख करते हुए कहा कि जल ही जीवन हैं, जल के बिना जीना संभव नहीं है। नई सिंचाई परियोजना के माध्यम से अंचल के सभी लोगों को मां नर्मदा का जल उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर धार जिले को पीएम मित्र पार्क की सौगात दी। इससे क्षेत्र के 6 लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर युवाओं को 3 लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजना से एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजना से धार जिले के 84 एवं आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को सिंचाई के लिए नर्मदा जल उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व मे हमारी सरकार भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनजातीय अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जनजातीय समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना ही सरकार का प्रमुख ध्येय है।
केन्द्रीय द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। जनजातीय परिवारों के उत्थान और महिलाओं के सम्मान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इन योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतार रही है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी जनजातीय क्षेत्रों में सिकल सेल जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों के प्रति जागरूकता और रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना धार एवं आलीराजपुर जिले के लिए जीवनरेखा सिद्ध होगी। इससे जनजातीय अंचल के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र का विस्तार कर अधिकाधिक भूमि को सिंचित बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। सिंचाई सुविधा मिलने से किसानों को एक से अधिक फसल लेने का अवसर मिलेगा और उन्हें आजीविका के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर डही क्षेत्र को मिली सिंचाई परियोजना की सौगात को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और समाज सेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों पर चलते हुए जनजातीय समाज के विकास और कल्याण के लिए सामिक प्रयास करना हमारा दायित्व है।
मंच से विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों का सम्मान एवं लाभ वितरण
समारोह में बाग प्रिंट उत्पादन एवं BRICS सम्मेलन में सहभागिता करने वाली श्रीमती श्यामि बाई डोडवे को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। म.प्र. राज्य आजीविका मिशन के जय गुरुदेव स्वयं सहायता समूह की श्रीमती वंदना अलावा और श्रीमती मीरा डावर सहित 91 समूहों के लिए कुल 5.30 करोड़ रुपये की राशि का स्व–सहायता समूह ऋण वितरित किया गया। राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना के तहत ग्राम उम्मेदपुरा निवासी कैलाश पिता सिकदारसिंह को रजिस्ट्री की गई। ग्राम देवदा के भेरूसिंग दयाला को चना बीज मिनी किट वितरित किया गया। अरोसी पिता राहुल मण्डलोई को बाल हृदय उपचार योजनांतर्गत 90 हजार रुपये की राशि दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत श्रीमती कुसुम पति राजू को लाभान्वित किया गया है। गोपाल कृष्ण ग्राम प्रतियोगिता वृंदावन ग्राम अंतर्गत घोषित परिणामों में महेश बद्रीलाल पाटीदार, अनिल सत्यनारायण पाटीदार एवं जयेश देवेंद्र धनगर को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को जनजातीय कार्य, लोक सम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती मीना वर्मा, कालूसिंह ठाकुर, जयदीप पटेल, श्रीमती रंजना बघेल, सरदार मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभाग एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही में किया भव्य रोड शो
मुख्यमंत्री डॉ. यादव जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस एवं डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं जनजातीय समाज के लोगों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही बस स्टैंड से पुलिस ग्राउंड स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल तक रोड शो कर जनता का अभिवादन जनता का अभिवादन किया। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। रोड शो में जनजातीय संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। पारम्परिक वेशभूषा में सजे जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं। ढोल–मांदल की गूंज और उत्साहपूर्ण जनभागीदारी से पूरा वातावरण जनजातीय गौरव एवं उत्सव के रंग में रंग गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाथ हिलाकर जनसमुदाय का अभिवादन स्वीकार किया तथा सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।








