उद्योगों के विकास के लिए जमीन, बिजली और पूंजी के साथ प्रशिक्षित एवं कुशल कर्मचारियों की भी जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण देने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। सरकार तकनीकी शिक्षा संस्थानों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने पर ध्यान दे रही है। ऑटोमेशन, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिक वाहन और आधुनिक विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में बढ़ती जरूरतों को देखते हुए कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवा बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप अपनी योग्यता विकसित कर सकें।
युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार से जोड़ने के लिए घर-घर रोजगार जैसी पहलों और रोजगार मेलों के माध्यम से प्रमुख कंपनियों तक उनकी पहुंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच तालमेल मजबूत करने पर भी जोर है, जिससे युवाओं को कंपनियों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण मिल सके। सरकार का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों या विदेशों का रुख न करना पड़े। औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना भी इसी प्रयास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
पंजाब सरकार युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित रखने के बजाय अपना कारोबार शुरू करने के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। स्टार्टअप सहायता और इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से नए विचारों को कारोबार में बदलने में मदद दी जा रही है। वहीं, बैंकों और सरकारी योजनाओं के जरिए स्वरोजगार के लिए ऋण प्राप्त करने में भी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले ये प्रयास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ पंजाब के औद्योगिक, सामाजिक और आर्थिक विकास को भी मजबूती दे रहे हैं।








