2017 के पहले प्रदेश का माहौल खराब कर रखा था सपा के गुंडों ने, बेटियों को करते थे परेशान : मुख्यमंत्री

गोरखपुर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में ऐसी स्थिति थी कि कहावत चल पड़ी थी, ‘देख सपाई, बिटिया घबराई।’ अभिभावक बेटियों की पढ़ाई और सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। तत्कालीन सरकार के गुंडों ने माहौल खराब कर रखा था। कई जिलों में बेटियों की पढ़ाई संकट में थी। सपा के शोहदे उन्हें परेशान करते थे, जबरन उठा ले जाते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में गुंडागर्दी, जमीन पर कब्जे और अराजकता का माहौल था। जबकि आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू, दंगा, भय, गुंडागर्दी और अवैध कब्जे से मुक्त है। 2017 के बाद समाज और सरकार ने एक दिशा में काम किया तो इसके परिणाम सामने आए हैं।

सीएम योगी बुधवार को चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के समीप राजकीय महिला शरणालय के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। 100 महिलाओं की क्षमता वाले सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त इस भवन के निर्माण पर 8 करोड़ 5 लाख 42 हजार रुपये की लागत आई है। लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि घर छोड़ने को मजबूर किसी बेटी या घरेलू हिंसा की शिकार महिला को अब दर-दर की ठोकर नहीं खानी पड़ेगी। गोरखपुर में 100 बेड का राजकीय महिला शरणालय ऐसी महिलाओं का संबल बनेगा। आधी आबादी को सम्मान और सुरक्षा देने के साथ स्वावलंबन के पथ पर आगे बढ़ाकर विकसित भारत की संकल्पना को पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई, विवाह, सुरक्षा और स्वावलंबन तक सरकार उसके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत जन्म से स्नातक तक बेटी के लिए 25 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 1.60 करोड़ बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, किताब, जूते-मोजे और स्वेटर की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि 1.10 करोड़ परिवारों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन और प्रदेश में 65 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे लोगों को चुनने से अच्छी सुविधाएं मिलती हैं। कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों को सरकार चार हजार रुपये प्रतिमाह सहायता दे रही है। ऐसे बच्चों को पढ़ाई में मदद के लिए लैपटॉप भी उपलब्ध कराए गए हैं।

सीएम योगी ने रोजगार को लेकर विपक्ष, खासकर सपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आप गिनते जाइए, हम नौकरी बांटते जाएंगे। आप गिनते-गिनते थक जाएंगे, हम यूपी के नौजवानों को नौकरी देते-देते नहीं थकेंगे।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन रोजगार के तहत अब तक साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार की नई संभावनाएं बन रही हैं। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयों के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। इनमें बड़ी संख्या में इकाइयों का संचालन महिलाएं कर रही हैं। 24 हजार से अधिक स्टार्टअप के साथ उत्तर प्रदेश का युवा अब नौकरी लेने वाला ही नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बन रहा है। 

स्वावलंबन की नई कहानी लिख रही हैं महिलाएं
सीएम योगी ने कहा कि लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी के रूप में महिलाएं स्वावलंबन की नई कहानी लिख रही हैं। नारी वंदन अधिनियम के जरिए लोकसभा और विधानसभा में भी महिलाओं के प्रतिनिधित्व का रास्ता सुनिश्चित किया गया है।
 
इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों का आंकड़ा शून्य पर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस बच्चों को निगल जाती थी। अकेले बीआरडी मेडिकल कॉलेज में करीब 500 बच्चों की मौत होती थी। सरकार के प्रयासों से आज मौत का आंकड़ा शून्य पर पहुंच गया है। उन्होंने गोरखपुर में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में आए अभूतपूर्व बदलाव का भी उल्लेख किया। कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से वाराणसी की यात्रा अब करीब ढाई घंटे में पूरी हो रही है।
 
निराश्रित महिलाओं का संबल बनेगा शरणालय

सीएम योगी ने कहा कि घरेलू हिंसा की शिकार महिला हो या किसी कारण परिवार से बिछड़ी बेटी, बहन अथवा बुजुर्ग महिला, यह शरणालय उनका सहारा बनेगा। उन्होंने शरणालय में रह रही एक बुजुर्ग महिला का उल्लेख करते हुए कहा कि वह बोल नहीं पा रही हैं और उनके घर-पते की जानकारी नहीं है। ऐसे लोगों का संबल सरकार बनती है और उन्हें उनके वैधानिक अभिभावकों से मिलाने का प्रयास करती है। मुख्यमंत्री ने महिला कल्याण विभाग से शरणालय का बेहतर संचालन करने की अपेक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वामन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीविष्णु के वामन अवतार का उल्लेख किया और उपस्थित लोगों को बधाई दी।
 
रवि किशन बोले- बहन-बेटियों के साथ खड़ी है सरकार

सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि ठंड में कोई निराश्रित बेटी या बहन कहां जाएगी और उसे आश्रय कैसे मिलेगा, इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री योगी ने आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से यह शरणालय बनवाया है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने नई करवट ली है। कानून के राज ने माफिया और गुंडागर्दी पर अंकुश लगाया है। पहले गरीबों की जमीन पर कब्जे और रंगदारी की घटनाएं होती थीं, जबकि आज सरकार गरीबों और महिलाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर भी सरकार के कार्यों का उल्लेख किया।
 
यूपी उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर: महेंद्रपाल

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी का स्वागत करते हुए पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कभी इंसेफेलाइटिस से बड़ी संख्या में बच्चों की जान जाती थी, लेकिन सरकार के प्रयासों से इस पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। युवाओं को रोजगार और बेटियों को सुरक्षा देने के संकल्प के साथ सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बीमारू प्रदेश की छवि से निकलकर उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।
 
बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को सीएम ने दिए लैपटॉप

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा (कोविड) योजना के अंतर्गत अक्षिता गुप्ता, पलक चौहान, दीपिका, प्रियांशी यादव, उमरा अंजुम, आयुषी यादव, सुधीर कुमार, प्रियांशु यादव, अनीश कुमार सिंह और रुद्र प्रताप रंजन को लैपटॉप प्रदान किए गए। इन लाभार्थियों को सीएम योगी ने अपने हाथों से लैपटॉप वितरित किए। 

कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख सहभागिता

इस अवसर पर कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

लोकार्पण कर शरणालय भवन का निरीक्षण किया मुख्यमंत्री ने

महिला कल्याण विभाग की तरफ से बनवाए गए राजकीय महिला शरणालय भवन का फीता काटकर लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने भवन का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं हाल जाना। सीएम ने यहां रह रहीं महिलाओं से मुलाकात भी की और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले बोर्ड का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहां ऐसी व्यवस्थाएं होनी चाहिए जिससे यहां रहने वाली महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। सीएम योगी ने शरणालय के परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

सीएम ने निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का भी किया निरीक्षण

राजकीय महिला शरणालय का लोकार्पण करने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किशोरों के लिए निर्माणाधीन संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। 100 किशोरों की क्षमता वाले राजकीय संप्रेषण गृह का निर्माण 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

Related Posts

दिव्यांगजन को आत्मनिर्भर और सशक्त बना रही योगी सरकार, 16,254 लाभार्थियों को मिला योजना का लाभ

लखनऊ योगी सरकार दिव्यांगजन को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण…

किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच होगा सीधा अनुबंध, चारे के बदले मिलेगी जैविक खाद

लखनऊ योगी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण को किसानों की आय, जैविक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए ‘चारा के बदले खाद’ का अभिनव मॉडल शुरू करने की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

धान कटाई लगभग पूरी, पराली प्रदूषण पर पंजाब सरकार सख्त, हजारों मामलों में कार्रवाई तेज

धान कटाई लगभग पूरी, पराली प्रदूषण पर पंजाब सरकार सख्त, हजारों मामलों में कार्रवाई तेज

पंजाब चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा कदम, राघव चड्ढा को मिली नई जिम्मेदारी

पंजाब चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा कदम, राघव चड्ढा को मिली नई जिम्मेदारी

लाउड म्यूजिक बजाना पड़ेगा महंगा, चंडीगढ़ में उल्लंघन पर 1 लाख तक जुर्माना

लाउड म्यूजिक बजाना पड़ेगा महंगा, चंडीगढ़ में उल्लंघन पर 1 लाख तक जुर्माना

चंडीगढ़ में ट्रैफिक चालान पर राहत, 100 रुपये में केस निपटाने की मिल रही सुविधा

चंडीगढ़ में ट्रैफिक चालान पर राहत, 100 रुपये में केस निपटाने की मिल रही सुविधा

गुरदासपुर में पुलिसकर्मी की मौत से हड़कंप, शव के पास गोली लगने के मिले संकेत

गुरदासपुर में पुलिसकर्मी की मौत से हड़कंप, शव के पास गोली लगने के मिले संकेत

पंजाब ब्लास्ट केस में महकप्रीत पर शक, रेल ट्रैक उड़ाने की साजिश में मास्टरमाइंड होने का आरोप

पंजाब ब्लास्ट केस में महकप्रीत पर शक, रेल ट्रैक उड़ाने की साजिश में मास्टरमाइंड होने का आरोप

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/hmueqlhb/thedaily247.com/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/hmueqlhb/thedaily247.com/wp-includes/functions.php on line 5581