आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश प्रभारी गोपाल राय ने आम आदमी पार्टी के युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ब्रिजराज सोलंकी की हिरासत के मुद्दे पर अपना बयान देते हुए बताया कि गुजरात में भाजपा सरकार ने फिर से किसानों पर अत्याचार किया है। गुजरात के सरगवाला में पिछले कई महीनों से किसान अपनी जमीनों पर उनकी सहमति और उचित मुआवजे के बिना जबरदस्ती पाइपलाइन बिछाने के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि उनकी जमीन, उनकी सहमति और उनके अधिकारों का सम्मान किया जाए, साथ ही उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी गोपाल राय ने बताया कि किसानों की इस जायज मांग के समर्थन में पहुंचे आम आदमी पार्टी गुजरात युवा मोर्चा के अध्यक्ष ब्रिजराज सोलंकी सहित कई किसानों की पुलिस द्वारा गिरफ्तारी होना सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आम आदमी पार्टी किसानों के अधिकार, उनकी जमीन के सम्मान और उचित मुआवजे की मांग के साथ मजबूती से खड़ी है। किसानों की आवाज को गिरफ्तारियां करके दबाया नहीं जा सकता। न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
आम आदमी पार्टी गुजरात






